देर रात को डेढ़ बजे युवकों ने निकाली पांच रंग-बिरंगी लाइटें
पुलिस ने बरामद की लाइटें, आरोपियों ने भरा 35 हजार रुपये जुर्माना
सीसीटीवी फुटेज से शरारती तत्वों तक पहुंची पुलिस, नई लगेंगी लाइटें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सौ मीटर दूर लगे फव्वारे की लाइटें दस दिनों के भीतर ही शरारती तत्वों ने तोड़ दी हैं।
लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने इस फव्वारे में लगीं रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों को कुछ शरारती तत्वों शुक्रवार देर रात को तोड़ दिया है। पांच पाइप में लगी एलईडी लाइटों को तोड़ा गया है। हालांकि बताया जा रहा है कि लाइटों को पुलिस ने बरामद कर नगर परिषद को सौंप दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ युवकों को भी पूछताछ के लिए थाने में तलब किया है। उन्होंने इस वारदात को अंजाम देने के लिए 35 हजार रुपये जुर्माना के तौर पर भर दिए हैं। अब फव्वारा में एलईडी लाइटें नई लगाई जाएंगी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के सामने हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। दशहरा उत्सव के लिए इन दिनों मैदान पूरी तरह से कारोबारियों से भरा है। लाखों रुपये के सामान से दुकानें लगा रखी हैं। इसी बीच हुई इस घटना ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भले ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज फव्वारा में लगी लाइटें निकालने वालों तक पहुंचने के लिए मददगार साबित हुआ है लेकिन इस तरह की घटना बताती है कि क्षेत्र में पुलिस का किसी तरह का खौफ नहीं है।
पहले भी हो चुकी है घटना
मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए इससे पहले आई लव कुल्लू का बोर्ड फव्वारा के साथ ही लगाया गया था। उस दौरान भी कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में आई लव कुल्लू के बोर्ड को तोड़ दिया था। उस दौरान भी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से कुछ युवकों पर कार्रवाई की थी। ऐसे में ढालपुर मैदान में ही सार्वजनिक संपत्ति को पुलिस और प्रशासन के सामने नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
नगर परिषद को पुलिस थाने से इसकी सुबह सूचना मिली थी। इसके चलते वह पुलिस थाने पहुंचे और पुलिस ने कुछ युवकों को भी तलब किया था। उन्होंने फव्वारा को हुए नुकसान का जुर्माना के तौर पर 35 हजार रुपये अदा कर दिया है। अब फव्वारा में नई लाइटें लगेंगी।
- सचिन, कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद कुल्लू