लाहौल- स्पीति विधायक अनुराधा राणा ने स्पीति के ग्यू गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का किया लोकार्पण।
दारचा में फंसे 150 ट्रकों को बारालाचा से होकर लेह भेजा
लद्दाख की तरफ से 205 छोटे बड़े वाहन मनाली की तरफ आए
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मनाली–लेह सामरिक मार्ग खुलने के बाद लद्दाख और लाहौल में फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।बीआरओ ने मार्ग को वनवे के लिए खोला है।
वाहनों को दोनों तरफ से बारी-बारी से निकाला जा रहा है। दो दिनों में मनाली-लेह मार्ग पर करीब 400 वाहन आर-पार हुए हैं। इनमें ट्रकों के साथ सैलानियों के छोटे वाहन भी शामिल हैं। दारचा में पुलिस ने यहां फंसे करीब 150 ट्रकों को शुक्रवार देर शाम को लेह के लिए रवाना किया था। बाकी छह दिनों से दारचा के आसपास फंसे 100 से 150 ट्रकों को भी प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाएगा। पांच अक्तूबर को हुई बर्फबारी के बाद लेह जाने वाले ट्रक दारचा के आसपास फंस गए थे।
शनिवार को लद्दाख की तरफ से हिमाचल की ओर 205 छोटी गाड़ियां भेजी गईं। बीआरओ ने सामरिक मार्ग को वनवे बहाल कर दिया है। बारालाचा के आसपास सड़क तंग होने से कारण दोनों तरफ फंसे वाहनों को बारी-बारी से निकाला जा रहा है।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि लाहौल में फंसे सभी बड़े वाहनों की निकासी प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। जल्द ही दोनों तरफ के वाहनों को अपने-अपने गंतव्य के लिए भेजने का काम पूरा किया जाएगा।