दो घंटे तक फंसी रही निगम की औट-लारजी-न्यूली रूट की बस, छोटे वाहनों की भी लगीं कतारें
भारी बारिश से जिले में 25 सड़कें अभी अवरुद्ध, सोलंग और गड़सा के सचानी क्षेत्र में छाया अंधेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू / सैंज। इस साल बरसात से सबसे अधिक दुश्वारियां सैंज के लोगों को झेलनी पड़ी हैं। शुक्रवार रात को हुई भारी बारिश से सैंज घाटी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पांच घंटे बंद रही।
लारजी-सैंज-न्यूली सड़क तलाड़ा के पास नाले में मलबा आने से अवरुद्ध रही। सुबह करीब 4:00 बजे से 9:00 बजे तक मार्ग बंद होने से औट-लारजी-सैंज रूट की बस लगभग दो घंटे फंसी रही। बस के साथ छोटे वाहनों की भी दोनों ओर कतारें लगी रहीं। लोगों को बारिश के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को सब्जी मंडियां बंद रहने से किसानों-बागवानों की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। तलाड़ा के पास नाले में बाढ़ आने से सड़क के डंगे को नुकसान पहुंचा है। सड़क बंद होने की सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी भेजी और मलबा हटाकर सड़क को बहाल किया।
लोक निर्माण विभाग सैंज बाजार को जोड़ने वाली सड़क को भी यातायात के लिए नहीं खोल पाया है। लोग करीब एक से डेढ़ किलोमीटर पैदल बाजार, स्कूल और कॉलेज जाने काे मजबूर हैं। भारी बारिश से जिले में 25 सड़कें बंद हैं। ग्रामीण सड़कों पर बसों की आवाजाही थम गई है। मनाली के सोलंग में सात, सचानी में छह और सैंज के मझान में बिजली ट्रांसफार्मर दो दिन से बंद है। बताया जा रहा है कि बिजली की लाइनों को नुकसान हुआ है। पेयजल की लाइनों को भी नुकसान होने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।
जलशक्ति विभाग कुल्लू ने शहर को जोड़ने वाली दोनों योजनाओं की पानी की सप्लाई एहतियात के तौर पर बंद रखी। 15 तक जिले में बारिश की संभावना जताई है। अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने का काम चल रहा है।