कुल्लू। लगातार बारिश के बाद पांचवें दिन कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मौसम खुल गया है। इससे किसान-बागवानों ने राहत की सांस ली है। वहीं मनाली-लेह और ग्रांफू-काजा सड़क यातायात के लिए खुल गई है। मंगलवार को यातायात सामान्य रहा। जबकि निगम की बसें दोनों हाईवे पर नहीं चल सकी हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार से निगम की बस कुल्लू से काजा के लिए वाया कुंजम दर्रा होकर रवाना होगी। जबकि मनाली-लेह मार्ग पर भी निगम जल्द फिर से लेह-दिल्ली बस को शुरू करेगा। मंगलवार रात करीब नौ बजे औट-बंजार- सैंज नेशनल हाईवे-305 छेत नामक गांव के पास चट्टानें गिरने से अवरुद्ध हो गया है। मार्ग को बहा करने का कार्य जारी है।
फिलहाल मौसम खराब रहने और मनाली-लेह के बीच बारालाचा, तंगलंगला दर्रा में बर्फबारी होने से निगम की इस बस को केलांग से दिल्ली के लिए शुरू किया गया है। उधर, जिला कुल्लू में बंद 25 सड़कों में से 20 को बहाल कर दिया गया है जबकि पांच बंद सड़कों को खोलने में लोनिवि जुटा है। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता केके शर्मा ने कहा कि सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जा रहा है।
उधर, बागवानों ने भी सेब और अनार के बगीचों का रुख कर दिया है। पिछले चार दिनों तक तुड़ान न होने से भुंतर सब्जी मंडी में 15 हजार की जगह मात्र दो हजार सेब के क्त्रस्ेट पहुंचे हैं। जबकि बंदरोल में 25 हजार क्त्रस्ेट की मात्र पांच हजार सेब के क्त्रस्ेट पहुंचे हैं। बागवान संगत राम, बहादुर सिंह, उतम सिंह और गंगा राम ने कहा कि मौसम खुल गया है और बागवानों ने फिर से सेब का तुड़ान शुरू कर दिया है। एपीएमसी के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि बारिश की वजह से मंडियों में सेब कम मात्रा में आया है।