कुल्लू में एचआरटीसी को मिली दो नई बसें।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम कुल्लू डिपो को दो नई साधारण बसें मिल गई हैं। यह बसें बुधवार को देर रात कुल्लू पहुंची हैं। इन बसों में 47 सवारियों को बैठाने की क्षमता है। अभी 12 नई बसों के आने की उम्मीद है।
इसमें सात डीलक्स और पांच साधारण बसें होंगी। अब जिले के विभिन्न रूटों पर खटारा बसों की जगह नई बसों को चलाया जाएगा। इससे सवारियों को बेहतर सफर की सुविधा मिलेगी। बता दें कि पथ परिवहन निगम कुल्लू के पास बसों का अभाव है, जिसके कारण निगम को मजबूरन पुरानी खटारा हो चुकी बसों को दौड़ाना पड़ रहा है। पुरानी बसें खस्ताहाल होने की वजह से आए दिन रास्ते में खराब हो जाती हैं, जिससे सवारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के लोग एचआरटीसी प्रबंधन से रूटों को बढ़ाने की मांग उठाई है।
एचआरटीसी कुल्लू डिपो के पास 14 नई बसें आने से काफी हद तक लोगों की समस्या का समाधान हो सकेगा। पांच साल के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू डिपो नई बसें मिल रही हैं। पथ परिवहन निगम कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि इस महीने डिपो में 14 नई बसें शामिल होंगी। इन बसों के पहुंचते ही पुरानी बसों को हटा दिया जाएगा। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में बसों की कमी है, वहां पर प्राथमिकता के आधार पर नई बसों को संचालित किया जाएगा।