केंद्र सरकार की अमृत योजना कुल्लू शहर की तकदीर बदलेगी। इस योजना के तहत 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। योजना से शहर को स्वच्छ पेयजल मिलेगा। नगर परिषद कुल्लू के सभी वार्डों में वाटर एटीएम स्थापित होंगे और इन एटीएम से लोगों को 50 पैसे प्रति लीटर साफ सुथरा पेयजल मिलेगा। इसके लिए आईपीएच विभाग कुल्लू ने काम करना शुरू कर दिया है। योजना के अंतर्गत शहर में चार नए स्टोर वाटर टैंकों तथा दो वाटर टैंकों का भी निर्माण किया जाएगा। जो अत्याधुनिक होंगे। 4.84 करोड़ रुपये की राशि में कुल्लू शहर के सभी 11 वार्डों को जोड़ी गई पेयजल पाइप लाइनों को भी नवीनीकरण होगा।
शहर में बिछी पुरानी लाइन को पूरी तरह से बदला जाएगा। इसके लिए विभाग ने पूरा खाका तैयार कर योजना को धरातल पर उतारने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। आईपीएच विभाग कुल्लू के अधिशाषी अभियंता केआर कुल्लवी और एसडीओ सेस राम आजाद कहा कि आईपीएच इस योजना के तहत पेयजल व सीवरेज पर काम कर रही है। नगर परिषद के सभी 11 वार्ड में एक-एक वाटर एटीएम स्थापित होंगे और लोगों को 50 पैसे प्रति लीटर फिल्टर किया हुआ स्वच्छ पेयजल मुहैया होगा। इस संबंध में विभाग ने डीपीआर तैयार कर दी है और इस योजना के लिए बाकायदा एक कनिष्ठ अभियंता को तैनात किया गया है। अमृत योजना से मिल रहे स्वच्छ पेयजल का लाभ कुल्लू शहर की 25 हजार आबादी को मिलेगा। शहर में नगर परिषद के शास्त्रीनगर से लेकर रामशिला तक 11 नगर परिषद वार्ड है। अमृत योजना से पूरे नगर परिषद की तकदीर बदलेगी।