जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग कुल्लू ने मंगलवार को ढालपुर मैदान में लंबी और मध्यम दूरी की दौड़ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 13 से 15 तथा 16 से 19 साल आयु के लड़कों और लड़कियों ने भाग लिया। चार वर्गों में करवाई इस स्पर्धा में जिला कुल्लू के पांच खंडों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। लड़कों के वर्ग अंडर-15 की 3000 मीटर रेस में भारत भारती स्कूल के मनमोहन ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं बजौरा स्कूल के अभिषेक दूसरे और थरास स्कूल के रामजन तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों वर्ग में डुघीलग स्कूल की इशिका प्रथम, जल्लूग्रां की हीना को दूसरा तथा इसी स्कूल की लीना को तीसरा स्थान मिला। लड़कों के वर्ग की अंडर-19 की 5000 मीटर रेस में कुल्लू कालेज के धर्मेंद्र, कटराईं स्कूल के सुनील तथा टेक्निकल कॉलेज सेउबाग के रजनीश पॉल क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों के वर्ग में खलोगी स्कूल की मेनका प्रथम, इसी स्कूल की स्वर्णलता और सपना को दूसरा और तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पूर्व जिला खेल अधिकारी संजय शर्मा ने प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागी लड़के और लड़कियों को इनाम दिया गया। उन्होंने पहले स्थान पर रहे प्रतिभागियों को छह हजार, दूसरे को पांच हजार तथा तृतीय स्थान पाने वाले को चार हजार का नगद इनाम दिया गया।