रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के साथ कुल्लू व प्रदेश के अन्य हिस्सों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। जिला कुल्लू के साथ जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में रविवार दोपहर बाद पहाड़ों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया है।
एचआरटीसी केलांग ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कुल्लू-मनाली से वाया अटल टनल रोहतांग होकर काजा के लिए चलने वाली रूटीन की बस सेवा स्थगित कर दी है। केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगलचंद मनेपा ने बताया कि 17 अक्तूबर को बारिश और बर्फबारी के चलते कुल्लू से काजा और किलाड़ से चंबा चलने वाली बस सेवा फिलहाल स्थगित कर दी है। उन्होंने बताया कि 18 अक्तूबर को कुल्लू-काजा के साथ किलाड़ से चंबा वाया साच पास बस सेवा स्थगित करने का निर्णय लिया है। बताया कि 16 अक्तूबर को कुल्लू से काजा के लिए बस रवाना हुई थी, जिसे वापस बुला लिया था। इसके साथ ही चंबा से किलाड़ बस भी वापस गई है। उन्होंने यात्रियों से सहयोग की अपील की है। कहा कि आगामी दिनों में मौसम को देखकर यात्रियों की सुविधा के लिए दोबारा बस सेवा आरंभ की जाएगी।