संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली/पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल में 3.15 करोड़ से अंतरराज्यीय बस अड्डा बनेगा। बस अड्डे समेत 1.15 करोड़ से वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नग्गर के विज्ञान संकाय भवन, कटराईं में 2.50 करोड़ से बनने वाले दस आवासीय भवन का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने करोड़ों रुपये से बनने वाली छह विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा उन्होंने नसोगी, डोभी, शिम गांव के लिए करोड़ों रुपये से बनने वाली पेयजल योजनाओं का शिलान्यास किया। कहा कि पतलीकूहल में बनने वाले अस्पताल में 60 बिस्तरों की क्षमता होगी। इसमें ओपीडी के अलावा हड्डी रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, रेडियोग्राफर, स्त्री रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजी सहित कुल 25 चिकित्सक सेवाएं देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पतलीकूहल में मल्टी स्पेशलिटी चैरिटेबल अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। हंस फाउंडेशन की ओर से निर्मित किए जा रहे अस्पताल में गरीब तबके के लोगों को मुफ्त इलाज किया जाएगा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को पतलीकूहल में प्रस्तावित अस्पताल का भूमि पूजन किया। इस दौरान भोले जी महाराज, डॉ. साधना ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक सुरेंद्र शौरी व किशोरी लाल, उपायुक्त आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा, अविनाश राय खन्ना, महेश्वर सिंह, राम सिंह, धनेश्वरी मौजूद रहे।