आईएसबीटी कुल्लू में डीडीएमए ने दिया विशेष प्रशिक्षण
प्राथमिक उपचार, सीपीआर व अग्नि सुरक्षा पर मॉकड्रिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लोगों को प्रशिक्षण दे रहा है। रविवार को अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू में एचआरटीसी के स्टाफ को आपदा के बीच स्वयं और दूसरों को सुरक्षित निकालने का प्रशिक्षण दिया गया। दमकल और गृह रक्षा विभाग की मदद से मॉकड्रिल भी करवाई गई।
इसमें आपदा के समय घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देने से लेकर अस्पताल पहुंचाने तक उपयाेग में लाई जाने वाली गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया।
दमकल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अग्नि सुरक्षा में बरती जाने वाली तमाम तकनीकों के बारे में बताया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के क्षमता निर्माण कार्यक्रम के समन्वयक राकेश ने कहा कि आईएसबीटी कुल्लू में एचआरटीसी स्टाफ के लिए प्राथमिक उपचार, सीपीआर और अग्नि सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। इसका उद्देश्य एचआरटीसी स्टाफ को प्राथमिक उपचार, कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी तकनीकों की जानकारी देना रहा, जिससे वे आपातकालीन स्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देने की विधियां, सीपीआर के व्यावहारिक अभ्यास और आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपायों व आग पर नियंत्रण की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान गृह रक्षा विभाग के कंपनी कमांडर कमल भंडारी, दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन राज कुमार शर्मा उपस्थित रहे।