कुल्लू। कुल्लू शहर में अब जमीन का मूल्य और मकान की कीमत गृहकर को तय करेगी। नगर परिषद के 11 वार्डों के सभी घरों का सर्वे किया जाएगा। सर्वेक्षण के बाद सभी मकानों को ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा। जमीन और मकान की लागत के आधार पर गृहकर लिया जाएगा। यह बात नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कही। शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से ऑनलाइन बैठक में नगर परिषद के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। इस बैठक में 15वें वित्त आयोग पर चर्चा की गई। वहीं, शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार भवनों का सर्वे करने पर भी सहमति जताई गई। नप जल्द ही शहर के सभी मकानों का सर्वे करेगी। सर्वे के आधार पर भवनों की कीमत तय की जाएगी और उसके बाद उसे ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा। ऐसे में मकान की कीमत के हिसाब से नप मालिकों से गृह कर लेगी।
गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से नप के विकास कार्यों में जो ग्रांट (अनुदान) जारी की जाती है, उसे जारी रखने के लिए नियमों का पालन करना आवश्यक है। कुल्लू शहर में बने मकानों का सर्वे करने के लिए योजना तैयार की जा रही है। सर्वे कर सभी मकानों को ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा और तय नियमों के अनुसार ही अब प्रति वर्ष गृहकर लिया जाएगा। कहा कि शहर के सभी लंबित पड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करवाया जाएगा। इसके लिए संबंधित ठेकेदारों और पार्षदों को निर्देश जारी किए गए हैं।