संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। एनएच अथॉरिटी ने 47 दिन बाद औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 को सोझा तक बस के लिए बहाल कर दिया है। ऐसे में लोगों को पैदल चलने के साथ टैक्सियों में सफर करने तथा भारी भरकम किराया देने से राहत मिलेगी। लेकिन हाईवे से बर्फ हटाते एनएच का स्नो कटर फिर खराब हो गया है।
बताया जा रहा कि बर्फ हटाते स्नो कटर का एक ब्लेड टूट गया है। स्नो कटर खराब होने के बीच एनएच ने आनन फानन में डोजर की तैनाती की है। अब दोनों तरफ से डोजर के साथ एक-एक जेसीबी को लगाया गया है। एनएच अथॉरिटी पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के रघुुपुर घाटी के देहुरी के दौरे का भी दबाव है। लेकिन ऐसा होता दिख नहीं रहा है। एनएच को अभी सोझा से लेकर जलोड़ी दर्रा के बीच करीब दो किलोमीटर से बर्फ हटाने का काम बाकी है। इतने दायरे में पांच फीट से अधिक बर्फ की मोटी चादर है। साथ ही कई जगहों पर हिमखंड गिरने से बर्फ के ढेर भी शामिल हैं। पौने दो माह बाद सोझा तक सड़क को बस योग्य तैयार कर दिया है। इससे रोज सफर करने वाले सैकड़ों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एनएच का दावा है कि मौसम ने साथ दिया तो दो से तीन दिन में छोटे वाहनों के लिए हाईवे को खोल दिया जाएगा। एनएच के वर्क इंस्पेक्टर रमेश शर्मा ने कहा कि सोझा तक हाईवे बस के लिए सुचारु हो गया है। बस आसानी से सोझा पहुंच सकती है। सोझा से आगे जलोड़ी तक बर्फ हटाने को काम चल रहा है। स्नो कटर खराब हो गया और इसकी जगह डोजर लगाया गया है। बर्फ हटाने का काम युद्घस्तर पर जारी है। एचआरटीसी कुल्लू के अड्डा प्रभारी टेक चंद ने कहा कि निगम को अभी एनएच की तरफ से हाईवे सोझा तक खुलने की सूचना नहीं है।