कुल्लू के हलाण में अग्निशमन विभाग ने अग्नि सुरक्षा को लेकर हलाण 2 में किया जागरूक।-संवाद
पतलीकूहल (कुल्लू)। ऊझी घाटी की ग्राम पंचायत हलाण-2 में शनिवार को लोगों को अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। अग्निशमन प्रभारी सूरज भारद्वाज ने लोगों को अग्निकांड से बचाव के टिप्स दिए।
उन्होंने कहा कि अगर सावधानी नहीं बरती तो आग की घटना भीषण अग्निकांड बन सकती है। अग्निकांड को थोड़ी सी सावधानी बरतकर रोका जा सकता है। अग्निकांड से बचने का हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि आग सिर्फ चूल्हे की चिंगारी से ही लग सकती है।
घरों में आग लगने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे शार्ट सर्किट, गैस सिलिंडर से गैस रिसाव इसके मुख्य कारण होते हैं। बिजली के जर्जर तार एवं गैस पाइप को छह महीने बाद बदलना चाहिए। इस दौरान हलाण-2 पंचायत प्रधान सीमा देवी सहित विभिन्न महिला मंडलों की सदस्य मौजूद रहीं। संवाद