कुल्लू। जिले में स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण अभियान के तहत 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीनेशन की पहली डोज लगाने में जुटा है। तीसरी लहर को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गए हैं। राहत की बात है कि जो लोग टीका लगवाने के बाद संक्रमित आ रहे हैं, वह मात्र तीन दिन में पूरी तरह से स्वस्थ हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग कुल्लू ने 24 जुलाई से सात अगस्त तक आए कोरोना के 178 मामलों पर अध्ययन किया। इसमें यह खुलासा हुआ है कि टीका लगवाने वाले लोग संक्रमित होने के बाद जल्द स्वस्थ हो रहे हैं। अध्ययन के दौरान 107 लोग ऐसे पाए गए, जिन्होंने कोरोना का टीका नहीं लगवाया था। ऐसे लोगों को स्वस्थ होने में 10 से 17 दिन तक लग रहे हैं। इसके अलावा कोरोना की वैक्सीन लगवाने वाले अन्य लोग संक्रमित होने के बाद तीन दिन में स्वस्थ हो रहे हैं। उनके स्वस्थ होने की रिकवरी दर अधिक पाई है। टीका लगवाने वालों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उनमें बीमारी के हल्के लक्षण पाए जा रहे हैं। वह अस्पताल के साथ होम आइसोलशेन में रहकर मात्र तीन दिन में पूरी तरह से ठीक हो रहे हैं। जिले में दूसरी लहर के बाद जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में कोरोना के मामले बढ़ना शुरू हो गए हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना के सक्रिय मामले करीब 150 पहुंच गए हैं। अस्पताल कुल्लू के कोविड वार्ड में जुलाई और अगस्त माह के पहले हफ्ते तक 30 मरीजों को दाखिल किया गया। इनमें इसमें छह लोगों का टीकाकरण किया गया था और वह भी दो से तीन दिन के भीतर स्वस्थ होकर घर चले गए। बिना वैक्सीनेशन के मरीजों की रिकवरी होने में समय लग रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि उपायुक्त कुल्लू के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 15 दिनों में आए 178 कोरोना केसों की स्टडी (अध्ययन) की है। इसमें पाया कि कोरोना का टीका न लगवाने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। इसके अलावा पहली डोज लगवाने के बाद भी जो लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, वह तीन से चार दिन में ठीक हो रहे हैं। उनमें कोरोना के लक्षण भी न के बराबर पाए रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को तीसरी लहर से बचने के लिए टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए। जिले में 14 अगस्त तक टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया गया है। ऐसे में जिन लोगों ने पहली डोज नहीं लगवाई है, वह वैक्सीनेशन केंद्रों में आकर टीका लगवाएं। संवाद
दो माह में महत तीन विद्यार्थी आए संक्रमित
कुल्लू। जुलाई से अगस्त माह तक जिला कुल्लू में दो से तीन विद्यार्थी ही कोरोना संक्रमित पाए गए। जो होम आइसोलशेन में हैं। ये बाह्य सराज आनी के स्कूली विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। राहत की बात है कि जिले के अन्य इलाकों में कोई भी बच्चा कोरोना से संक्रमित नहीं है।