कुल्लू। सेब की अर्ली वैराइटी ने मंडियों में दस्तक दे दी है। सब्जी मंडी भुंतर में रविवार को अमेरिकन गाला सेब 152 रुपये प्रति किलो बिका है। शुरूआती दौर में अमेरिकन गाला सेब के दाम 150 रुपये से अधिक मिलने से बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। सेब की अर्ली वैराइटी ने मंडियों में धूम मचाई है।
गौर रहे कि अगस्त महीने के पहले सप्ताह से रॉयल सेब का तुड़ान भी शुरू हो जाएगा। हालांकि सेब में अभी रंग कम आया है। ऐसे में बागवान रंग आने का इंतजार भी कर सकते हैं। सेब की स्पर वैराइटी भी रॉयल सेब के मुकाबले जल्दी तैयार होती हैं। इस वैराइटी वाला सेब रायल के मुकाबले देखने में अधिक चमकदार होता है। गाला सेब भी इसी किस्म का होता है। ऐसे में सब्जी मंडियों में व्यापारी इस सेब को हाथोंहाथ खरीद रहे हैं। बागवानों को सीजन में सेब के अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है। बागवान ललित कुमार, नीरत राम, अशोक आदि ने कहा कि सेब की अर्ली वैराइटी के प्रति रुझान बढ़ रहा है। देश भर की मंडियों में प्रदेश के सेब की खूब डिमांड रहने का फायदा बागवानों को मिलता है। अगस्त से जिले में सेब का सीजन रफ्तार पकड़ना शुरू कर देगा। बेहतर दाम में सेब बिकने से कोरोना के चलते घाटे में चल रहे बागवानों को भी राहत मिलेगी। उधर, इस संबंध में सब्जी मंडी भुंतर में आढ़ती यूनियन के अध्यक्ष खुशहाल ठाकुर ने कहा कि सेब की अर्ली वैरायटी अब बिकने के लिए मंडियों में आ रही है। भुंतर सब्जी मंडी की शॉप नंबर 14 में गाला वैराइटी का सेब 152 रुपये प्रति किलो बिका है। पिछले बार यह 100 से 120 रुपये तक ही बिका था। ऐसे में बागवानों को फायदा हुआ है।