औट-लारजी-न्यूली सड़क पर पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद बिहाली के पास सड़क पर लगीं वाहनों की कतारें। स?
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू के पर्यटन स्थल एवं स्नो प्वाइंट जलोड़ी दर्रा के सैर सपाटे को कई पर्यटक जान जोखिम में डालकर आरपार कर रहे हैं। रविवार को जिभी से बर्फ के बीच जलोड़ी दर्रा के सैर सपाटे को गए दिल्ली और राजस्थान के चार पर्यटक युवक फंस गए।
हालांकि बर्फ में थक जाने के कारण वह जिभी पैदल नहीं आ पा रहे थे। ऐसे में जलोड़ी में तैनात वायरलैस के पुलिस जवानों की मदद से चारों को गाड़ी से खनाग स्थित एक विश्रामगृह पहुंचाया गया। जलोड़ी दर्रा अभी भी कुल्लू के बंजार की तरफ से पूरी तरह से अवरुद्ध है। स्नो कट्टर के बाद अब डोजर भी खराब पड़ा है। ऐसे में एनएच ने दोनों तरफ से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। बावजूद इसके करीब तीन किलोमीटर दायरे से बर्फ हटाने का काम शेष है जहां पांच से दस फुट बर्फ की चादर है।
हालांकि एनएच ने हाईवे-305 को जल्द बहाल करने के लिए जलोड़ी दर्रा की तरफ से दो जेसीबी की तैनाती कर दी है। बर्फ से लकदक हाईवे के चलते रोजाना 50 से 80 लोग 10280 फुट ऊंचे जलोड़ी दर्रा को पैदल आरपार कर रहे हैं। ऐसे में कई सैलानी भी दर्रा को लांघने की कोशिश कर रहे हैं।
पिछले सप्ताह में भी आठ पर्यटक बर्फ में फंस गए थे। उनको फिर रात को पुलिस की मदद से खनाग पहुंचाना पड़ा था। एनएच-305 के अधिशाषी अभियंता केएल सुमन ने कहा कि उनकी तरफ से भी जलोड़ी दर्रा को बहाल किया जा रहा है। एक अतिरिक्त जेसीबी को तैनात कर दिया है। वहीं लोगों ने जिला प्रशासन व एनएच अथॉरिटी से स्नो कट्टर व डोजर को ठीक कर हाईवे को जल्द खोलने की मांग की है।