पेंशनभोगी संघ के बंजार खंड की लारजी में समीक्षा बैठक आयोजित
कहा- पेंशनरों, कर्मचारियों की वित्तीय देनदारियों को लटका रही सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ खंड बंजार की समीक्षा बैठक रविवार को पंचायत भवन लारजी के सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने की।
इस दौरान ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर पेंशनभोगी संघ खंड सैंज को बंजार खंड में शामिल किया गया। संघ के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने कहा कि एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त पेंशनरों के संशोधित वेतनमान का एरियर, संशोधित पेंशन की ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, मेडिकल बिल, जुलाई 2023 से 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की पांच किस्तें और डीए के एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मंत्रियों और विधायकों के वेतन भत्तों में अप्रत्याशित वृद्धि की है जबकि पेंशनरों और कर्मचारियों की करोड़ों रुपये की लंबित वित्तीय देनदारियों को जानबूझ कर लटकाया जा रहा है। अगर प्रदेश सरकार ने 31 दिसंबर तक पेंशनरों की सभी वित्तीय देनदारियों का एकमुश्त भुगतान नहीं किया तो पेंशनर संघर्ष को और तेज करेंगे। इस दौरान पेंशनभोगी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, सब्जा चंद, एसपी सागर, प्रदेश उपाध्यक्ष (महिला विंग) मीना शर्मा, संगठन सचिव प्रवीण कहोल, तेजा सिंह, पेंशनभोगी संघ जिला मंडी के अध्यक्ष एवं खंड औट के अध्यक्ष शारदा नंद शर्मा, जिला पेंशनभोगी संघ के महासचिव खेम सिंह हांडा, शहरी कुल्लू इकाई के अध्यक्ष तेज सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष (महिला विंग) रेणुका शर्मा, बंजार खंड के अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, महासचिव शेर सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष हीरा लाल, ज्ञान चंद आदि मौजूद रहे।