भुंतर में दुकानों में लगी आग को बुझाते अग्निशमन विभाग व हवाई अड्डा भुंतर के कर्मी। संवाद।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिले के प्रवेश द्वार भुंतर स्थित फल मार्केट में देर रात 12 बजे आग भड़क गई। इसमें चार दुकानें जलकर राख हो गईं। घटना में 22 लाख की संपत्ति को नुकसान हुआ है। सोमवार देर रात 12 बजे के करीब अस्थायी फल मार्केट की दुकानों में आग लग गई। इसमें नंबर एक से लेकर चार तक की सभी दुकानें आग की चपेट में आ गईं। छह व्यापारियों को लाखों का नुकसान हुआ है। देर रात आग लगने की सूचना व्यापारी सरोज ने दमकल विभाग कुल्लू को दूरभाष के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा के अग्निशमन अनुभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। दमकल विभाग के दस किलोमीटर दूर कुल्लू से भुंतर पहुंचने तक अस्थायी मार्केट में बनी चार दुकानें आग की चपेट आ चुकी थी, जिन्हें आग से नहीं बचाया जा सका, लेकिन दूसरी दुकानों में आग फैलने से रोक ली गई। दमकल विभाग के फायर अधिकारी दुर्गा सिंह ने कहा कि व्यापारी राकेश और सरोज को आठ-आठ लाख, राजेश को 5 लाख, बाली राम चंदेल को 70 हजार तथा गौरव तथा सूरज को 30 हजार का नुकसान हुआ है।
---
भुंतर हवाई अड्डे से भी पहुंची टीम
भुंतर में बनी अस्थायी मार्केट में आग लगने की सूचना मिलते ही कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा के अग्निशमन अनुभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत और बचाव कार्य के पूरे प्रयास किए। वहीं, दमकल विभाग कुल्लू की टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाया गया। निदेशक नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हवाई अड्डा का सीएफटी वाहन से आग बुझाने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि टीम में अग्निशमन कर्मी अजय कुमार, सुशील कुमार और सीआईएसएफ में कार्यरत सहायक निरीक्षक अरविंद भट्ट शामिल रहे।