जिया में घर में लगी आग पर काबू पाते दमकल कर्मी। -स्रोतः दमकल विभाग
कुल्लू। भुंतर के समीप जिया गांव में आग से डेढ़ मंजिला मकान जलकर राख हो गया। घटना में डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे की है। गांव के देवी सिंह भारती के डेढ़ मंजिला स्लेटपोश मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। जैसे ही आग की लपटें आस-पास के लोगों ने देखीं, अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
इस घटना के बाद जिला में लगातार रिहायशी मकानों में आग लगने की घटनाओं पर चर्चाओं का दौर जारी है। इससे पहले सोमवार को बंजार के तांदी गांव में आग से करीब ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था।
अग्निशमन विभाग के फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने बताया कि इस आग की घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति को बचाया।