कुल्लू। देवी-देवताओं के महाकुंभ कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए अठारह करडू की सौह ढालपुर पुलिस छावनी में तबदील हो गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस के पांच सौ जवानों को तैनात किया है। जबकि होमगार्ड के 50 जवान भी ड्यूटी देंगे। हालांकि इस बार दशहरा उत्सव में व्यापारिक गतिविधियां नहीं हो रही हैं। इसके बावजूद देवी-देवताओं के साथ सैकड़ों लोग ढालपुर में आएंगे। ऐसे में पुलिस कोई ढील नहीं छोड़ना नहीं चाहती है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ढालपुर को पांच सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर का एक राजपत्रित अधिकारी को नोडल ऑफिसर बनाया गया है। देवताओं के शिविरों के पास पुलिस जवानों की ड्यूटी लगेगी। किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए दो क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) भी गठित की गई है। जो हर वक्त किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहेंगी।
यह टीमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आसपास ही रहेंगी। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों का वैक्सीन की दोनों डोज का सर्टिफिकेट और आरटीपीसीआर रिपोर्ट की जांच करने आदि के लिए पुलिस की टीमें नाकों पर मौजूद रहेंगी। कुल्लू के प्रवेश द्वार बजौरा, हाथीथान और रामशिला पुल के दोनों तरफ नाका लगाया जाएगा। जहां पर ढालपुर मेला मैदान में जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा बैठाया गया है। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को वैक्सीन की डबल डोज का सर्टिफिकेट और 24 घंटे पहले की आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने के बाद ही जिला में प्रवेश में दिया जाएगा। दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट है।