कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते छरूडू में 25 सितंबर को काइस पंचायत के पूर्व प्रधान और उनकी पत्नी से मारपीट हुई थी। पूर्व पंचायत प्रधान परसराम की मौत हो गई है। परसराम ने पीजीआई में उपचार के दौरान 19 दिन बाद दम तोड़ दिया। रविवार को पूर्व प्रधान ने आखिरी सांस ली। पूर्व प्रधान की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गौर रहे कि 25 सितंबर को काइस पंचायत के पूर्व प्रधान और उसकी पत्नी के साथ छरूडू में कुछ लोगों ने मारपीट की थी। गंभीर हालत में दोनों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों की हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया था। पूर्व प्रधान की मौत के बाद एक बार फिर से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस ने मारपीट मामले में अब तक कुल नौ गिरफ्तारियां की हैं। दो लोगों को मौके वारदात पर न पाए जाने पर पुलिस ने छोड़ दिया है। जबकि सात आरोपी अभी भी न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।