केलांग (लाहौल-स्पीति)। कैबिनेट में हरी झंडी मिलने के चंद दिनों के बाद ही राज्य सरकार ने लाहौल के करगा में आईटीआई खोलने की अधिसूचना जारी कर दी है। संस्थान खोलने के साथ ही प्रिंसिपल समेत ग्रुप प्रशिक्षक, क्राफ्ट ट्रेड प्रशिक्षक, इंग्लिश ड्राइंग, गणित प्रशिक्षक, स्किल प्रशिक्षक, अधीक्षक ग्रेड-दो, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ कार्यालय सहायक आईटीए, स्टोर कीपर, क्लर्क ,चौकीदार, माली और सफाई कर्मी समेत कुल 24 पदों को सृजित कर भरने की स्वीकृति मिली है।
जबकि आईटीआई करगा में मेकेनिक मोटर व्हीकल, सोलर टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिकल सर्वेयर और कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामर सहायक के ट्रेड शुरू करने की अधिसूचना जारी हुई है। तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव डॉ. रजनीश की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई है। पिछले दिनों हिमाचल मंत्रिमंडल में करगा में आईटीआई खोलने को मंजूरी मिली थी। मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा ने कहा कि करगा में आईटीआई खुलने से लाहौल समेत पांगी-किलाड़ के युवाओं को घर के समीप तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होगी। वहीं जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन रमेश रुआलवा, बीडीसी अध्यक्ष टशी सोनम, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध, भाजयुमो अध्यक्ष तंजिन कारपा समेत लाहौल की जनता ने सीएम जयराम ठाकुर और डॉ. रामलाल मारकंडा का आभार जताया है।