कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के कई क्षेत्रों में चार दिन से पेयजल संकट गहरा गया है। नियमित जलापूर्ति न होने से लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऊपरी इलाकों में हालात ऐसे हैं कि कुछ लोगों को भोजन के लिए भी ढाबों और रेस्तरां का सहारा लेना पड़ रहा है।
अपर सुल्तानपुर, बालाबेहड़ और चामुंडा नगर वार्ड नंबर-10 के ऊपरी क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी है। लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से खाना बनाने, नहाने, कपड़े धोने और अन्य घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ जगह विभाग द्वारा लगाए गए नलों में चार दिन से पानी नहीं आ रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में कभी-कभार ही जलापूर्ति हो रही है। पानी की कमी के कारण किराये के कमरों में रहने वाले कई लोग भोजन के लिए ढाबों और रेस्तरां का रुख करने को मजबूर हैं। इससे सरकारी और गैर-सरकारी कर्मचारियों सहित आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल संकट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के दिनेश कुमार, राहुल और रमेश कुमार ने जल शक्ति विभाग से प्रभावित इलाकों में नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि शहर के निचले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में सप्लाई अनियमित होने के कारण संकट गहरा गया है।
उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अंकित विष्ट ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। यदि कहीं जलापूर्ति बाधित है तो विभाग इसकी जांच कर उचित कदम उठाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।