कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ लगती महाराजा घाटी की दो पंचायतों के लिए उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत भुंलग और बाराहार के हजारों ग्रामीणों को इस योजना का फायदा मिलेगा।
योजना के निर्माण पर जल शक्ति विभाग 2.81 करोड़ का बजट खर्च कर रहा है। उठाऊ पेयजल योजना को दो फेस में तैयार किया जा रहा है। विभाग ने फेस-2 का लगभग कार्य पूरा कर लिया है। योजना के तहत पंप हाउस का बाहरी कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि एक स्टोर टैंक का निर्माण भी लोट गांव में किया गया है। अब एक टैंक और पंप हाउस से टैंक तक लाइन बिछाने का कार्य शेष बचा हुआ है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
उठाऊ पेयजल योजना के तहत ग्राम पंचायत भूलंग और बाराहार में 74 हजार लीटर की क्षमता वाले दो स्टोर टैंक बनने हैं, जिनमें एक का निर्माण हो गया है। इसके अलावा खलियाणी और मौहल गांव में पंप हाउस बनाए गए हैं। विभाग अब फेस-1 का काम शुरू करेगा। फेस-1 में पंप हाउस से स्टोर टैंक तक पाइप लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। योजना बनने से करीब 7000 की आबादी को पेयजल उपलब्ध होगा, जिसके चलते ग्रामीणों की पेयजल समस्या हल होगी। इस संबंध में जल शक्ति विभाग के एसडीओ इंद्र ठाकुर ने कहा कि मौहल से भुलंग-बाराहार के लिए उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। फेस-2 का काम पूरा हो गया है, जल्द फेस-1 का काम शुरू होगा। संवाद
भुलंग में टैंक का निर्माण किया जाएगा
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित ने कहा कि लोट में स्टोर टैंक तैयार है। भुलंग में टैंक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण होते ही पंप हाउस से टैंक तक लाइन बिछाई जाएगी। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।