पतलीकूहल (कुल्लू)। एसडीएम कुल्लू ने पतलीकूहल खेल मैदान में डोम लगाने की अनुमति दी है। इसके बाद पतलीकूहल खेल मैदान में डोम लगना शुरू हो गया है। दो हफ्ते के लिए डोम लगेगा, अगर इसे अधिक समय लगाया तो व्यापार मंडल ने सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।
एक हफ्ते पहले कटराईं पंचायत से डोम लगाने को एनओसी मिलने के बाद पतलीकूहल व्यापार मंडल और हलाण-दो पंचायत ने खेल गतिविधियां तथा स्थानीय कारोबारियों का धंधा प्रभावित होने का हवाला देकर एसडीएम से अनुमति न देने की गुहार लगाई थी। इस आपत्ति के बाद एसडीएम ने डोम लगाने का काम रोक दिया था। एसडीएम ने कहा कि पहले कटराईं पंचायत ने तीन महीने के लिए डोम लगाने की इजाजत दी थी, जो बहुत लंबी अवधि थी। प्रशासन ने पतलीकूहल व्यापार मंडल और स्थानीय बच्चों की खेलकूद को देखते हुए अब महज 15 दिनों के लिए डोम लगाने का समय दिया है। पतलीकूहल व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्जुन गौतम ने कहा कि 15 दिन के बाद डोम नहीं हटा तो वे सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे। संवाद