तहसीलदार कुल्लू की अगुवाई में नगर परिषद की टीम ने की कार्रवाई
सड़क किनारे सरिया रखने वाले दुकानदार को पांच दिन का दिया समय
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शहर में फुटपाथ और सड़क के किनारे अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद कुल्लू सख्त हो गई है। शनिवार को अतिक्रमण करने वालों पर नगर परिषद का डंडा चला। नगर परिषद की टीम ने तहसीलदार कुल्लू की अगुवाई में कार्रवाई की। ढालपुर और आसपास 30 रेहड़ी-फड़ियों और 10 खोखों को हटाया है। इसके साथ ही कुछ रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान भी जब्त किया। पशु मैदान के पास सड़क के दोनों ओर सरिया रखने वाले दुकानदार को पांच दिन का समय दिया गया है। नगर परिषद कुल्लू की कार्रवाई से अफरातफरी मच गई है।
शहर की अस्पताल सड़क, ढालपुर मैदान के बीच वाले फुटपाथ आदि जगहों पर रेहड़ी-फड़ी सजा रखी थीं। तहसीलदार कुल्लू की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले ढालपुर के बीच से जाने वाले फुटपाथ में बैठे रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाया गया। इनका सामान भी जब्त किया गया। इसके बाद अस्पताल से कुल्लू कॉलेज गेट तक जाने वाली सड़क में रेहड़ी फड़ी वालों पर कार्रवाई की। नगर परिषद ने रेहड़ी-फड़ी न हटाने वालों का सामान ट्रैक्टर में लोड किया। इस बीच दो-तीन दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके चले गए। इसके बाद टीम कार्रवाई करती हुई पशु मैदान के समीप पहुंची। यहां पर भी कार्रवाई की गई। एक दुकानदार ने सड़क के दोनों तरफ सरिया रखा था, इसे पांच दिन का समय सरिया हटाने के लिए दिया गया। दोपहर 2:00 बजे के बाद टीम ढालपुर चौक के समीप पहुंची। यहां टीम ने फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों का सामान हटाया गया।
....
क्या कहते हैं अधिकारी
कुल्लू शहर को सुंदर बनाने के लिए ही कार्रवाई की गई है। कुछ दुकानें ऐसी पाई गई हैं, जिनका कमेटी को कोई राजस्व नहीं आता है। ये कई सालों से दुकान सजाकर बैठे हैं। पशु मैदान के समीप लोहे के व्यापारी को सरिया हटाने के लिए पांच दिन का समय दिया है। ऐसा न करने पर बिजली, पानी बंद किया जाएगा।
-हरि सिंह यादव, तहसीलदार एवं ईओ नगर परिषद
रेहड़ी फड़ी धारकों में दिखा रोष
रेहड़ी-फड़ी धारकों ने कार्रवाई का विरोध किया। इनमें कुछ रेहड़ी-फड़ी धारकों की रोजी-रोटी रेेहड़ी पर सामान बेचकर ही चलती है। अब इन पर रोजगार का संकट गहरा गया है। संवाद