कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में डीएलएड प्रशिक्षुुओं ने वी वांट जस्टिस (हमें न्याय चाहिए) के नारे लगाए और रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू (जरड़) तथा दो निजी कॉलेजों के प्रशिक्षुओं ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी मैदान से ढालपुर चौक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, न्यायालय परिसर होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग के माध्यम से मुख्यमंत्री, शिक्षा सचिव और शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में जिले के डीएलएड प्रशिक्षुओें ने सरकार और शिक्षा विभाग से जेबीटी से बीएड डिग्री धारकों को बाहर करने की मांग की है। डीएलएड प्रशिक्षु सुनील कंवर, विवेक, अजय ठाकुर, प्रीति सिंह, अंकिता, प्रिया ने कहा कि जेबीटी भर्ती में बीएड डिग्री धारकों को मौका दिया जा रहा है, जिसके कारण जेबीटी प्रशिक्षुओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।
सरकार और विभाग से प्रशिक्षु नीति बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कहा कि प्रशिक्षुओं को कक्षाओं का बहिष्कार कर मजबूरन अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। संवाद