घाटी के मरीजों को सुविधा, कुल्लू जाने से मिला छुटकारा
अस्पताल में 150 से 200 के बीच रहती है ओपीडी
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैंज में मरीजों को अब दंत रोग से संबंधित उपचार भी मिलेगा। सीएचसी में दंत रोग विशेषज्ञ ने सेवाएं आरंभ कर दी हैं। इससे सीएचसी में अब तीन चिकित्सकों की टीम मरीजों के स्वास्थ्य को जांचेगी।
दंत चिकित्सक के ज्वाइन करने से सैंज घाटी के लोगों को दांत से संबंधित बीमारियों का उपचार करवाने के लिए 40 से 45 किलोमीटर दूर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू नहीं जाना पड़ेगा। मरीजों को घरद्वार के समीप ही बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना ओपीडी 150 से 200 के बीच रहती है। दंत चिकित्सक न होने के कारण मरीजों को कुल्लू जाना पड़ता है।
अब दंत चिकित्सक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं शुरू करने से मरीजों को राहत मिली है। अस्पताल में भी चिकित्सकों की संख्या दो बढ़कर तीन हो गई है। सीएचसी में अब दो चिकित्सा अधिकारी और एक दंत चिकित्सक तैनात रहेंगे। सीएचसी सैंज के प्रभारी डॉ. वरुण ने कहा कि दंत चिकित्सक डॉ. अंजलि ने सेवाएं आरंभ कर दी हैं। उनकी तैनाती से अब मरीजों को दंत चिकित्सा की सुविधा भी मिलेगी। कहा कि सीएचसी में मरीजों को बेहतर उपचार सेवाएं प्रदान करने के प्रयास जारी हैं। संवाद