पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने कहा, सरकार ने बढ़ाई मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने प्रदेश सरकार से राज्य कैडर बदलने की मांग की है। सोमवार को ग्रामीण राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो महासंघ की ओर से अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार को एक मांगपत्र सौंपा गया। महासंघ की ओर से प्रदेश सरकार सेे फैसला बदलने की मांग की गई।
पटवारी भूप सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पटवारी एवं कानूनगो जिला कैडर के तहत आते थे, इस वर्ग के कर्मचारियों के लिए आरएंडपी नियम भी इसी आधार पर तय किए गए हैं। अब उनका कैडर राज्य स्तर का किया गया है, जिसको लेकर पटवारी एवं कानूनगो में रोष है।
लंबे समय से पटवारी एवं कानूनगो सरकार को अपनी मांगों के संबंध में अवगत करवाते रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं कर रही है। राज्य कैडर करके सरकार ने उनकी परेशानियों को जरूर बढ़ा दिया है। फिलहाल प्रदेश स्तर पर ऑनलाइन सेवाएं बंद हैं, इसके बावजूद सरकार उचित निर्णय नहीं लेती है तो 17 जुलाई को होने वाली बैठक में कड़ा निर्णय लिया जाएगा। संवाद