सिविल पेंशनर एसोसिएशन ने बैठक कर पारित किए प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश सरकार की ओर से संशोधित वेतन और 12 फीसदी महंगाई भत्ते को एकमुश्त दिया जाए। यह बात सिविल पेंशनर एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू मंडल के अध्यक्ष जय बिहारी भारद्वाज ने कही। एसोसिएशन की बैठक सोमवार को महिला मंडल भवन शास्त्रीनगर में हुई। इसमें पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिन्हें प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
पेंशनरों के प्रस्ताव में संशोधित वेतनमान और 12 फीसदी महंगाई भत्ता एकमुश्त, पेंशनरों के चिकित्सा बिलों के लिए बजट जारी करने और चिकित्सा भत्ता 2,000 रुपये प्रति माह करना शामिल है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सेसराम ठाकुर ने कहा कि पेंशनर सरकार के समक्ष अपनी मांगों को लंबे समय से उठा रहे हैं। उन्होंने सरकार से पेंशनरों की मांगों पर गौर कर इन्हें पूरा करने का आग्रह किया है। इसके अलावा जिलाध्यक्ष ने पेंशनरों की समस्याओं का निपटारा भी किया। बैठक में पेंशनर राम सिंह के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा। एसोसिएशन में बतौर सदस्य शामिल होने पर देवीसरण, बुधराम, सोमदेव शर्मा, प्रभाव चंद तथा पार्वती देवी का स्वागत किया। बैठक में योग राज शर्मा, मोहर, भादर चंद, अमर ठाकुर ज्ञानचंद चंबियाल आदि उपस्थित रहे। संवाद