कुल्लू/भुंतर/केलांग/उदयपुर। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला में दो सड़क हादसों में विदेशी महिला समेत एक व्यापारी की मौत हो गई। जिस्पा के समीप हुए हादसे में चालक के अलावा पांच अन्य विदेशी सैलानी घायल हो गए। जिनमें एक सैलानी की हालत गंभीर है। वहीं कलैहली में हुए हादसे में व्यापारी की मौत हो गई और एक युवक घायल है। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एक टैंपो ट्रैवलर मनाली से पर्यटकों को लेकर लेह की तरफ निकली थी। सुबह करीब साढ़े दस बजे लाहौल-स्पीति जिला के जिस्पा के समीप टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिसमें एक इजराइली महिला पर्यटक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं छह लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने खाई से बाहर निकाला और केलांग अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। टैंपो ट्रैवलर के पीछे चल रहे एक अन्य पर्यटक वाहन चालक ने घटना की जानकारी तत्काल 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पॉयलट गोपाल अपने फार्मासिस्ट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
सीएमओ केलांग डॉ डीडी शर्मा ने बताया कि घायल एक विदेशी पर्यटक की हालत बेहद नाजुक है। प्राथमिक उपचार के बाद केलांग अस्पताल से सभी घायलों को कुल्लू के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतक महिला के शव को इजराइली एंबेसी के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इधर, डीएसपी केलांग हरीश शर्मा ने बताया कि वाहन में चालक को छोड़कर सभी विदेशी पर्यटक हैं। एक अमेरिकी महिला को हल्की चोटें आई हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है।
उधर, चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 स्थित कलैहली में मोटरसाइकिल और पानी के टैंकर के बीच हुई टक्कर में एक व्यापारी की मौत हो गई। वहीं एक अन्य मामले में युवक घायल हो गया है। जिसका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है। पुलिस ने केस दर्जकर टैंकर के चालक को गिरफ्तार कर दिया है। हादसा रविवार रात को हुआ। रात्रि को एक मोटरसाइकिल बजौरा से कुल्लू की तरफ आ रहा था। जबकि पानी का टैंकर भुंतर से बजौरा जा रहा था। इस दौरान कलैहली के पास दोनों के बीच जोरदार टक्कर हुई। जिसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने एक व्यापारी को मृत घोषित किया। दूसरे युवक का उपचार चल रहा है।डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा ने कहा कि हादसे में मृतक की पहचान 29 वर्षीय बिलाल पुत्र इस्लाम तथा घायल 24 वर्षीय जितेंद्र पुत्र नाथी राम निवासी मजर हसन सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने टैंकर चालक धवन कुमार निवासी को गिरफ्तार किया है जो शराब के नशे में टैंकर को चला रहा था।