अमर उजाला ब्यूरो
पतलीकूहल (कुल्लू)। पुलिस ने करोड़ों की हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पुलिस की एक टीम नियमित गश्त पर थी।
गश्त के दौरान पतलीकूहल से हलाण की ओर जाने वाली सड़क पर बिलखी के पास एक टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार सवारों से करीब 42 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर नशे की खेप समेत टैक्सी को कब्जे में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें नशा निवारण अधिनियम की सख्त धाराएं लगाई गई हैं। आरोपियों में टिंकू निवासी जिला कुल्लू और चालक निवासी जीरकपुर, पंजाब शामिल है। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इस हेरोइन की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। पतलीकूहल के थाना प्रभारी दयाराम ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने नशे की यह खेप किससे खरीदी और आगे किसे बेचने जा रहे थे।