अनियंत्रित बस ने आगे चल रही बस को मारी टक्कर, सात घायल
कुल्लू-भुंतर मार्ग स्थित पिरड़ी में हुआ हादसा, घायल अस्पताल में उपचाराधीन
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर पिरड़ी में एक बस ने अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक अन्य बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात सवारियां घायल हो गई हैं। उनका क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार चल रहा है।
हादसा शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुआ है। जांच अधिकारी एएसआई धनी राम ठाकुर ने कहा कि दोनों बसें कुल्लू से भुंतर की तरफ जा रही थी। इस दौरान जब एक मिनी बस पिरड़ी के पास पहुंची तो पीछे से आई एक अन्य मिनी बस ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। इससेे अगली बस में सवार दो और पिछली बस में सवार पांच सवारियों को चोटें आई। सवारियों को सिर, बाजू, टांग व मुंह में चोटें आईं। जांच अधिकारी के मुताबिक हादसे में घायल मोहर सिंह (78) निवासी भल्याणी लगवैली, संजू शर्मा (37) निवासी पड्डल मंडी, संजो देवी (42) निवासी बिहार, राहुल निवासी (30) नगरोटा बंगवा, मोहन सिंह (38) निवासी मौहल, मंगत राम (32) निवासी गाड़ागुशैणी तथा राम किशन (39) निवासी पिछलाग्रां लगवैली के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस ने तेज गति से बस चलाने पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हादसे में सभी घायल खतरे से बाहर हैं।