अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू।
सीआईडी नारकोटिक्स विंग ने वीरवार दोपहर बाद सैंज घाटी में पौने पांच किलो चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। टीम ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचाई जानी थी।
कुल्लू जिला में चरस तस्करों के विरुद्घ पुलिस समेत अन्य सभी एजेंसियों ने अभियान छेड़ रखा है। इसके तहत रोजाना चरस खेप पकड़ी जा रही है। सैंज घाटी में सीआईडी नारकोटिक्स विंग की टीम नाके पर थी। इस बीच विरान जंगल से भलाण-गड़सा पैदल रास्ते से एक व्यक्ति आ रहा था। नराउला मोड़ पर नाके पर टीम को देखकर हड़बड़ा गया। पूछताछ पर आरोपी ने अपनी पहचान देवी राम (37) निवासी राहु नाला, डाकघर भलाण, सैंज के रूप में बताई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से टीम को 4.720 ग्राम चरस बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खुद ही चरस तैयार की थी। अब इसे वह सप्लाई करने जा रहा था।
औट तक यह खेप पैदल ही पहुंचाई जानी थी। औट में किसी व्यक्ति को खेप दी जानी थी। हालांकि आरोपी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि खेप किधर व किस व्यक्ति को देनी थी। टीम सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। टीम में एसआई रूप लाल, एचसी बलबीर, एचएचसी अमर सिंह, खेम चंद व नानक मौजूद रहे। इधर, डीएसपी नारकोटिक्स ब्रह्मदास ने बताया कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
000