पार्वती घाटी के सूमा रोपा में 48 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए दो युवाओं के तार दिल्ली से जुड़े हुए हैं। इस मामले में बड़ा गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है। कुल्लू पुलिस जल्द इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है। इस संबंध में पुलिस दिल्ली के ठिकानों में दबिश भी दे सकती है।
बीते शनिवार को दिल्ली से टैक्सी में सवार होकर आए दो युवकों को जरी पुलिस ने नाके के दौरान 48 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा था। पुलिस 18 और 19 वर्षीय युवाओं की भूमिका सप्लायर के रूप में खंगाल रही है। कोर्ट से मिले तीन दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों युवा दिल्ली से उक्त नशीला पदार्थ पार्वती घाटी में पहुंचाने जा रहे थे। ऐसे में कुल्लू पुलिस दिल्ली में बड़े गिरोह को दबोचने के लिए रणनीति बना रही है। पूर्व में कुल्लू पुलिस ऐसे ही एक मामले में बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है। सप्लायर के जरिए दिल्ली तक पहुंची कुल्लू पुलिस ने करोड़ों रुपये की हेरोइन के साथ नाइजीरियन मूल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि दोनों आरोपी युवाओं से कड़ी पूछताछ की जा रही है। युवाओं के दिल्ली कनेक्शन जुड़े हुए होने का पता चला है। मामले में जांच जारी है।
....
रेव पार्टी के लिए बदनाम है पार्वती वैली
पार्वती वैली रेव पार्टी के लिए बदनाम है। गुपचुप होने वाली रेव पार्टी में भाग लेने के लिए युवाओं की संख्या अधिक रहती है। मलाणा क्रीम के लिए भी घाटी बदनाम है। रेव पार्टी में सिथेंटिक ड्रग का उपयोग अधिक रहता है। पर्यटन सीजन सिर पर है, ऐसे में सप्लायर इन दिनों घाटी की तरफ रुख कर रहेे हैं।