अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। सदर थाना कुल्लू के तहत बदाह के पास ब्यास नदी में एक शव बरामद हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग को शव निकालने में करीब दो घंटे का समय लगा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया है। लेकिन अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि बदाह के पास ब्यास नदी के बीचोंबीच एक शव है। मौके पर पहुंची पुलिस के लिए शव को निकालना मुश्किल हो गया है। ऐसे में अग्निशमन विभाग की मदद ली गई। ब्यास नदी का जलस्तर अधिक होने से पुलिस और अग्निशमन विभाग के लिए शव को ब्यास से बाहर निकालना आसान नहीं था। कड़ी मशक्कत से करीब दो घंटे बाद शव को बाहर निकाला गया। लेकिन इसकी पहचान नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि व्यक्ति की उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच है। शक्ल से व्यक्ति नेपाली मूल का लग रहा है। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने कहा कि शव की पहचान नहीं होने से उसे शव गृह में रखा गया है। पहचान होने पर ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। एएसपी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।