बरीउला, धाटा और शफाड़ी में उत्पन्न हुई समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। घाटी में तीन अलग-अलग स्थानों में नौ लोगों के घरों में दरारें आ गई हैं। इससे घर खतरे में हैं। लोगों ने घरों को खाली करना शुरू कर दिया है। बरीउला गांव में पांच घरों में दरारें आ गई हैं।
इनमें किशन चंद, जीत राम, दिले राम, मोती राम और पूर्ण चंद के मकान शामिल हैं। ऐसे में उनके घरों को पूरी तरह से खतरा बना हुआ है। धाटा में हीरा लाल, जीत राम और दोत राम के मकान में दरारें आई हैं। इससे परिवार की जान पर खतरा बना हुआ है। शफाडी में डोले राम के घर में भी भूस्खलन से दरारें आने के कारण मकान खतरे की जद में है।
उधर, घाटी की सड़कें बंद होने के कारण बीमार लोगों को अस्पताल लाना मुश्किल हो गया है। लोगों को कई स्थानों में 20 से 25 किलोमीटर तक भी बीमार लोगों को पीठ और कंधों पर उठाकर अस्पताल लाना पड़ रहा है। इससे घाटी के लोगों की स्थिति बहुत ही दयनीय बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि घाटी में न तो बिजली ठीक से बहाल हो पा रही है और न ही मोबाइल नेटवर्क चालू हो पा रहा है। ऐसे में क्षेत्र से बाहर भी संपर्क करना मुश्किल हो गया है। लोगों को कहना है कि कई स्थानों में तो दवाइयों का भी संकट पैदा हो गया है।