कुल्लू। ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर कुल्लू स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पिछले एक सप्ताह में कुल्लू में विभिन्न देशों से 17 लोग आए हैं। जिन्हें सात दिन के लिए क्वारंटीन में रखा गया है। दो लोगों की क्वारंटीन अवधि पूरी होने पर उनके सैंपल लिए गए। दोनों के सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
हालांकि जिले में कोरोना के केसों में लगातार कमी आई है। जबकि कोरोना की दूसरी डोज लगवाने का काम भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी है। जिला कुल्लू में सभी लोगों को कोरोना की डोज लग चुकी है। लेकिन बाहरी राज्यों या देशों से आने-जाने वाले लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि अभी तक जिले में पिछले एक हफ्ते में 17 लोग पहुंचे हैं। उन सभी को चिह्नित कर सात दिनों के लिए क्वारंटीन किया गया है। जिला में अभी तक कोई भी कोरोना के नए वैरिएंट का मामला सामने नहीं आया है। वहीं सीएमओ कुल्लू डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि नया वैरिएंट बहुत ही खतरनाक है। ऐसे में लोग मास्क का प्रयोग करें और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा को देखते हुए भीड़ से दूर रहें।