संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे जिला प्रशासन भी चिंता में पड़ गया है। हालांकि प्रशासन बढ़ते मामलों पर नियंत्रण पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन कोरोना मामले कम होने का नाम नहीं ले रह हैं।
जिले में बुधवार को चार सैलानी समेत 94 लोग पॉजिटिव पाए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 696 लोगों के कोविड सैंपल लिए थे। इनमें 94 लोग संक्रमित पाए गए। अब तीन दिनों में महज 233 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें सोमवार को 50, मंगलवार को 89 और बुधवार को 94 मामले आए हैं। ऐसे में लोग सहम गए हैं। हालांकि 18 संक्रमित लोग कोरोना संक्रमण को मात देकर अपने घर लौट गए हैं, जो कि अब सुरक्षित हैं। अब तक जिले में 10198 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। सक्रिय केस की संख्या करीब 364 है। 9659 संक्रमितों ने कोरोना वायरस को हराया है। इसके अलावा 160 संक्रमित लोग कोरोना से जंग हार गए हैं। इसकी पुष्टि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद ने की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने कोविड सैंपलिंग बढ़ा दी है। इसके चलते कोरोना संक्रमण के मामले ज्यादा बढ़ रहे हैं। बुधवार को 94 नए मामले हैं। स्वास्थ्य कर्मी फिल्ड में उतरकर सैंपलिंग को बढ़ा रहे हैं। उधर, उपायुक्त कुल्लू आुशतोष गर्ग ने बताया कि कोरोना के मामले प्रतिदिन बढ़ना चिंताजनक है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जिले में कुछ बंदिशें लगाई हैं। कोविड सैंपलिंग को बढ़ाया गया है। लोग व व्यापारी भी एसओपी का पालने करे।