संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कोराना संक्रमण से बचाव को लेकर जिला कुल्लू में 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों के लिए वैक्सीनेशन लगनी शुरू हो गई है। इसका शुभारंभ बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद शर्मा ने ढालपुर स्थित उच्च पाठशाला ओएलएस से किया है।
अभियान के दौरान जिला कुल्लू में 21 हजार 641 बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। यह वैक्सीनेशन 12 से 14 साल के उन बच्चों को लगाई जाएगी, जिनका जन्म 1 जनवरी 2008 से 15 मार्च 2010 के बीच हुआ हुआ है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि वैक्सीन कोराना संक्रमण से बचाव का अचूक हथियार है और यह पूर्णतया सुरक्षित है। जिला कुल्लू में सभी सरकारी व निजी पाठशालाओं में बच्चों को निशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके लिए जिला कार्य बल समिति का गठन किया गया है। उन्होंने सभी बच्चों के अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करें। जिला के 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे सभी लोग जिन्हें दूसरी डोज लगाए नौ महीने हो चुके हैं, वे सभी तीसरी डोज यानी बूस्टर डोज लगवाएं। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अतुल गुप्ता, ओएलएस स्कूल के प्रधानाचार्य फादर एंटनी सोलोमन, स्कूल स्टाफ व काफी संख्या में छात्र और छात्राएं उपस्थित रहे।
इन स्कूलों में बच्चों को लगाई गई वैक्सीन
जिले में बुधवार को कोविड वैक्सीन 12 से 14 साल के बच्चों को कुल्लू के ढालपुर स्थित ओएलएस उच्च पाठशाला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरी व एसवीएम नग्गर में लगाई गई। इसी तरह 18 वर्ष से अधिक आयु समूह में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू, नागरिक अस्पताल मनाली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किंजा में वैक्सीन लगाई गई है। बच्चों वैक्सीनेशन को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया।