संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल में जाम की समस्या, चोरी और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर भागने वालों की अब खैर नहीं है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने पुराना बस अड्डा बंजार के पास सीसीटीवी लगा दिए हैं।
सीसीटीवी का फोकस सड़कों पर चलने वाले वाहनों के साथ नंबर प्लेट पर किया गया है, जिससे किसी भी वाहन का आसानी से पता लगाया जा सके। अब दो सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस शरारती तत्वों पर भी कड़ी नजर रख पाएगी। इनका नियंत्रण भी पुलिस के हाथ में रहेगा। बता दें कि पुलिस ने बंजार में जाम से निपटने और चोरी की घटनाएं रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके पश्चात कुछ और स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। सैंज बाजार में भी सीसीटीवी लगाए हैं। सीसीटीवी ऑनलाइन माध्यम से कार्य करेंगे। पुलिस को पल-पल की रिपोर्ट मिलती रहेगी। बंजार में कई बार शरारती तत्वों की ओर से वाहनों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब ये सीसीटीवी कैमरे चोरी की वारदातों को रोकने में कारोबारियों के लिए मददगार साबित होंगे। उधर, एसडीएम बंजार पीसी आजाद ने बताया कि पुराना बस अड्डा बंजार के मुख्य चौक पर दो सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। इसके रखरखाव का जिम्मा स्थानीय पुलिस को सौंपा है। इसका लाभ लोगों और स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा। चोरी के मामले सुलझाने में भी कारगर सिद्ध होंगे।