रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उपमंडल काजा में वीरवार को एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने मीट की दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानों में सफाई व्यवस्था की कमी पाई गई। मीट बिक्री से पहले पशु पालन विभाग की जांच प्रक्रिया का भी पालन नहीं हो रहा था।
एसडीएम ने दुकानदारों से कहा कि एक हफ्ते के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। मुर्गे के मीट की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। जहां पर बासी मीट बिक्री के लिए रखा गया था। इसके अलावा दुकानों में रेफ्रिजरेटर की व्यवस्था ठीक नहीं थी। रिकॉर्ड भी सही नहीं पाया गया। इसके अलावा सब्जी की दुकानों से भी रेट लिस्ट गायब थी।
एसडीएम ने मौके पर ही रेट लिस्ट प्रदर्शित करवाई और निर्देश दिए कि अगर भविष्य में किसी भी दुकान से रेट लिस्ट गायब पाई गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनके पास शिकायत आ रही थी कि खराब मीट की बिक्री हो रही है। वीरवार को काजा बाजार में मीट और सब्जियों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां सामने आई हैं। नियमों का पालन न करने वाले दुकानदारों कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एक हफ्ते का समय दिया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील है कि अगर इस तरह कोई भी खामी पाई जाती है तो प्रशासन को शिकायत करें। शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रखा जाएगा। इस मौके पर डीएसपी रोहित मृगपुरी, खंड चिकित्सा अधिकारी तेंजिन नोरबू, वेटरनेरी ऑफिसर टाकपा तेंजिन, एएसआई चुंग राम मौजूद रहे।