कुल्लू के लगघाटी के भल्याणी में एचआरटीसी बस का ट्रायल के दौरान पहुंची बस।
कुल्लू। लगघाटी के गांव भल्याणी के ग्रामीणों की पीठ से जल्द बोझा हटेगा। लोक निर्माण विभाग ने भल्याणी गांव के लिए रोपड़ी के साथ लगते क्षेत्र से सड़क का निर्माण किया है। यह सड़क भल्याणी के बीचोबीच तक जाती है। विभाग ने मंगलवार को दो किलोमीटर लंबी सड़क पर बस का ट्रायल करवाया। खामियां मिलने पर मौके पर तैनात जेसीबी से कार्य करवाया गया।
बस के गांव पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बस ट्रायल की रिपोर्ट जल्द लोक निर्माण विभाग की ओर से हिमाचल पथ परिवहन निगम को सौंपी जाएगी। ट्रायल सफल रहने पर रूट परमिट की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विवेक गौतम ने कहा कि मंगलवार को रोपड़ी-भल्याणी सड़क का ट्रायल करवाया है। ट्रायल में कुछ जगहों पर सड़क तंग पाई गई। इसे मौके पर ही चौड़ा कर दिया गया है। संवाद