कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब हड्डी रोग के मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में मंगलवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ ने कार्यभार संभाल लिया है। अब यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या दो हो गई है। ऐसे में अब मरीजों को उपचार के लिए न तो लंबी तारीख का इंतजार और न ही मंडी या फिर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।
अस्पताल में कुल्लू के अलावा लाहौल-स्पीति, चिंबा जिले के पांगी व किलाड़ और मंडी के मरीज भी आते हैं। जनवरी माह में कई विशेषज्ञ डाक्टरों का आगामी कोर्स के लिए टांडा व नेरचौक मेडिकल कॉलेज के लिए चयन हुआ था। इसके बाद अस्पताल में कई चिकित्सकों के पद खाली हैं। जिलावासी प्रेम सिंह, लाल सिंह, नरोत्तम सिंह, झाबे राम, ज्ञान चंद, दुनी चंद, मेघ सिंह, तीर्थ राम, राम सिंह, केवल राम, रतन सिंह तथा मनोहर लाल ने कहा कि जिला अस्पताल में नए हड्डी विशेषज्ञ के आने से मरीजों को लाभ मिलेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में डॉ. अभिषेक हड्डी विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।