पतलीकूहल (कुल्लू)। रायसन पंचायत की बैंची-पनगां सड़क तीन महीने से बंद है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बार-बार आग्रह के बावजूद सड़क को बहाल नहीं किया गया है। इस कारण पनगां गांव के ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क में एक जगह डंगा गिरा हुआ है।
सड़क 20 वर्ष पहले बनी है। लगभग 15 वर्ष पूर्व सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन लाई गई। गांववासी सतपाल नेगी, योगराज, आशीष, दीपक, तारा चंद, देशराज, विनय ठाकुर, प्रेमपाल, केशव ने कहा कि सड़क को जल्द दुरुस्त किया जाए। रायसन पंचायत के प्रधान कर्म चंद ने कहा कि दो-तीन दिनों में सड़क को ठीक करा दिया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप राम का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में कुछ सड़कें पंचायत के अधीन आती हैं। फिर भी अगर सड़क लोक निर्माण विभाग के तहत आती है तो इसे दुरुस्त किया जाएगा। संवाद