नग्गर/पतलीकूहल (कुल्लू)। बंदरोल में चीड़ के हरे भरे 21 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने का मामला सामने आया है। पेड़ कटने के बाद वन विभाग ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पेड़ों के कटने से साथ लगते बगीचों में सेब के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार बंदरोल इलाके में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे के साथ ही चीड़ के 21 पेड़ काट लिए गए हैं। स्थानीय निवासी सतपाल ने कहा कि पेड़ों को काटने से उसके सेब के कई पौधों को क्षति पहुंची है। किसी ने रात के समय इस घटना को अंजाम दिया है।
मदन, शिवचंद, वीरचंद, हरीश कुमार, मनोज, संजय कुमार, नरेश और पवन ने कहा कि इस प्रकार पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। डीएफओ एंजल चौहान ने कहा कि पेड़ों के कटान को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है। एसपी डाॅ. कार्तिकेयन गाेकुल चंद्रन ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद