कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त कुल्लू।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला अस्पताल कुल्लू से अब मरीजों को शिमला और चंडीगढ़ के लिए एंबुलेंस का किराया 12 रुपये प्रति किलोमीटर देना होगा। पहले यह किराया नौ रुपये था।
इस दौरान जिला अस्पताल कुल्लू में आरकेएस के तहत 1.87 करोड़ 90 हजार रुपये का बजट भी पारित किया है।
अस्पताल में मंगलवार को हुई आरकेएस की बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने की। मरीजों को ठंड में परेशानी न हो, इसके लिए अस्पताल में हीटिंग सुविधा को और बढ़ाया जाएगा। सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एंबुलेंस प्रदान की जाएगी।
मरीजों और उनके साथ आने वाले तीमारदारों को पैसे निकालने में समस्या न हो, इसके लिए अस्पताल परिसर में दो एटीएम स्थापित किए जाएंगे। वहीं मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों की पर्ची बनाने के लिए दो और कर्मचारियों को आउटसोर्स पर रखा जाएगा ताकि मरीजों को अधिक देर तक लाइन में खड़ा न होना पड़े। राहत की बात है कि अब अस्पताल में मरीजों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर्ची शुरू की जाएगी। इससे मरीज को अस्पताल में आकर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। इससे जहां उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलेंगी वहीं, समय की भी बचत होगी। इस दौरान मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में इलेक्ट्रॉनिक टोकन सिस्टम को पुन: शुरू किया जाएगा। क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों के लिए तीन अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित की हैं। वहीं, यूसीजी, ईसीजी, ऑक्सीजन सिलिंडरों की रिफिलिंग के 22 लाख रुपये की भी मंजूरी दी गई। इसी दौरान आयुर्वेदिक अस्पताल कुल्लू आरकेएस के तहत वर्ष 2021-22 के लिए 15 लाख 14 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया है। अस्पताल में पंचकर्मा पद्वति को और बेहतर बनाया जाएगा। पंचकर्मा के प्रति लोगों तथा पर्यटकों में जागरूकता फैलाने के लिए उचित स्थानों पर होर्डिंग स्थापित किए जाएंगे। इससे पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा आरकेएस के तहत अस्पताल में किए कार्यों और उनसे संबंधित व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल गुप्ता, डॉ. हीरा लाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्यव्रत वैद्य, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. बिहारी लाल शर्मा, सदस्य सचिव आरकेएस डॉ. जसबिंद्र कपूर, स्वास्थ्य शिक्षक निर्मला महंत, लेखा अधिकारी अंशुल भटनागर उपस्थित रहे।