संवाद न्यूज एजेेंसी
हरिपुर/बंजार (कुल्लू)। प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे में शेड्यूल के तहत जिले के महाविद्यालय हरिपुर और बंजार में दस जुलाई से विद्यार्थी विभिन्न संकायों में प्रवेश ले सकेंगे।
हरिपुर महाविद्यालय में कला और बीएससी के अलावा इस शैक्षणिक सत्र में एमकॉम, बीए टूरिज्म और शारीरिक शिक्षा के विषयों में भी प्रवेश मिलेगा। महाविद्यालय के प्राचार्य मनदीप शर्मा ने कहा कि नए विषय शामिल होने से मनाली के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए अब कुल्लू नहीं जाना पड़ेगा। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार में विभिन्न संकायों में प्रवेश प्रक्रिया दस जुलाई से ही आरंभ होगी। महाविद्यालय प्राचार्य नीरज कपूर ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी विद्यार्थी महाविद्यालय की वेबसाइट से ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संपूर्ण जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। कहा कि द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों से प्रवेश संबंधी जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जाएगी।