मनाली में अतिक्रमण करने वालों को हटाते नगर परिषद मनाली के कर्मी। संवाद।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में अवैध कब्जाधारियों पर नगर परिषद की कार्रवाई जारी है। शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ कब्जाधारकों के कारण नप के प्रयास नाकाम हो रहे हैं। ऐसे में अब इन कब्जाधारकों पर शिकंजा कसा जा रहा है। शुक्रवार को मालरोड से लेकर अग्निशमन केंद्र तक फुटपाथ पर दुकानदारी करने वालों पर नप का डंडा चला है। इन कब्जाधारकों को चेतावनी दी गई। वहीं, इनका सामान भी जब्त किया गया। नप की इस त्वरित कार्रवाई से मनाली में अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय है कि मनाली में फुटपाथ और गलियों में अवैध रूप से दुकानें सजाई जा रही हैं। इसके कारण राहगीरों और पर्यटकों को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों को आवाजाही करने में दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। नप ने अब कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। हालांकि पहले इन कब्जाधारकों को दुकानें हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन आदेश न मानने पर कार्रवाई अमल में लाई गई। इस संबंध में नप के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि सोमवार को अवैध दुकानें हटाने के आदेेश दिए गए थे। जिन दुकानदारों ने आदेशों की अवहेलना की है, उन पर शुक्रवार को नियमानुसार कार्रवाई की गई।