कुल्लू। जिला मुख्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र हो गई है। छात्र संगठन ने ढालपुर में उपायुक्त कार्यालय के बाहर छात्रों की मांगों के लिए धरना प्रदर्शन किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग की।
कहा कि सरकार ने अपने चुनाव घोषणापत्र में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की बात कही है। लंबा समय बीतने के बाद भी चुनावों की बहाली नहीं की गई है। विद्यार्थियों की मांगों को सरकार और विश्वविद्यालय प्रबंधन के समक्ष प्रभावी तरीके से नहीं रखा जा रहा है। विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
एबीवीपी कुल्लू इकाई के सचिव नितिन ठाकुर ने कहा कि छात्र हित के लिए एबीवीपी बुधवार को जिला मंडी में छात्र हुंकार रैली करेगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व और वर्तमान सरकार छात्र संघ चुनाव से महाविद्यालय का माहौल खराब होने का तर्क दे रही है। इस तर्क पर अगर छात्र संघ चुनाव पर रोक लग सकती है तो पंचायतीराज, लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों में भी कई क्षेत्रों में माहौल ठीक नहीं रहता है। ऐसे में इन चुनावों पर भी रोक लगाई जा सकती है। सरकारों का यह तर्क बेबुनियादी है।
चुनावों को बहाल करने की मांग को लेकर परिषद मंडी में हुंकार रैली कर रही है। इसमें छात्र संघ चुनाव बहाली समेत क्लस्टर विवि मंडी को प्रदेश विवि बनाने, महाविद्यालयों में शिक्षक व गौर शिक्षक स्टाफ भर्ती तथा भवनों के निर्माण की मांग की जाएगी। इस दौरान सौरभ नेगी, ऋषभ, उर्वशी, सुप्रिया, सौरव, शेखर, प्रशांत नेगी, रुपेंद्र, ईशान, कुंगा देचेन आदि मौजूद रहे।
--